ठंड और कोरोना से बचाव के लिए कर रहे प्रेरित
डुमरियागंज। कड़ाके की ठंड के साथ ही कोरोना संक्रमण से भी खुद को और बच्चों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों को प्रेरित किया जा रहा है।
कड़ाके की ठंड बच्चों के लिए मुसीबत बन गई है। ठंड का दायरा बढ़ने के साथ ही बच्चे बीमार होने लगे हैं। दूसरी तरफ कोरोना संक्रमण से भी बच्चों को बचाने की चुनौती बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों के बीमार पड़ने पर रोग को हल्के में न लेने की अपील की है। चिकित्सक सलाह देते हैं कि बच्चे के बीमार पड़ने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर जाकर इलाज कराएं। सर्द मौसम बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक के लिए मुसीबत बन रहा है।
ठंड की वजह से बच्चे बीमार होने लगे हैं। कड़ाके की ठंड के बीच कोविड के मामले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में बच्चों की सेहत का खास ख्याल रखना होगा। कोरोना से खुद बचते हुए बच्चों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है। बेंवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. आरजी सिंह ने बताया कि सभी लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए महामारी से बचें। डॉ. आरजी सिंह ने बताया कि ठंड से बच्चे को बचाने के लिए गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें। कोरोना जैसी महामारी से बच्चे को बचाना बेहद जरूरी है। ऐसे में खुद मास्क का इस्तेमाल करें और बच्चे को भी थ्री लेयर मास्क पहनाकर रखें। हाथों को सैनिटाइज भी करते रहें।
इन लक्षणों को हल्के में न लें
एक साल तक के बच्चे को अधिक खांसी आए, पसली चले या बच्चा दूध व खुराक न ले रहा हो, तेज बुखार हो, दस्त न रुके तो ऐसे लक्षणों को बिल्कुल भी हल्के में न लें। तुरंत ही नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाकर चिकित्सक से उपचार कराएं।