ककरहवा में कस्टम स्टेशन बनाने का मुद्दा उठा
शून्य काल के दौरान भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने लोकसभा में उठाया
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लोकसभा में शून्यकाल के दौरान भाजपा सांसद जगदंबिका पाल ने कपिलवस्तु और लुंबिनी के बीच स्थित भारतीय क्षेत्र के प्रमुख कस्बा ककरहवा में कस्टम स्टेशन बनाने की मांग उठाई।
सदन में अपनी बात रखते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि भगवान गौतम बुद्ध सिद्धार्थ के रूप में 29 वर्षों तक कपिलवस्तु में रहे। लुंबिनी नेपाल और कपिलवस्तु भारत में है। केंद्र में नरेंद्र मोदी की अगुवाई में भाजपा की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री ने नेपाल को पड़ोसी नहीं, बल्कि भाई की तरह से नेपाल की प्रगति और विकास में सहयोग किया है। अवगत कराया कि लुंबिनी से ककरहवा में कस्टम स्टेशन के लिए सर्वे हो चुका है। भारत-नेपाल की संयुक्त टीमें सर्वे कर चुकी हैं।
ट्रेड ट्रांजिट और भारत-नेपाल के बीच में व्यापार बढ़े और लखनऊ, दिल्ली से होकर सिद्धार्थनगर और ककरहवा से होकर लुंबिनी, काठमांडू, नौतनवा से होकर गोरखपुर से आएं तो निश्चित तौर से राजस्व और व्यापार भी बढ़ेगा तथा भारत नेपाल के रिश्तों में और मजबूती आएगी। चीन की ओर से सीमाई क्षेत्रों में दखल देने के प्रयासों के बीच ककरहवा में कस्टम स्टेशन बनेगा तो निश्चित तौर से भारत और नेपाल के रिश्ते में मजबूती आएगी।