साइबर अपराध, नए कानून और सरकारी योजनाओं को लेकर चलाया जागरूकता अभियान
सिद्धार्थनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व जागरूकता के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत बुधवार को जिले के कई थाना क्षेत्रों में चौपाल, बहू-बेटी सम्मेलन और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस टीमों ने गांवों और कस्बों में पहुंचकर महिलाओं को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, नए कानूनों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
लोटन, इटवा, पथरा बाजार, ढेबरुआ, चिल्हिया और त्रिलोकपुर थाना क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं और बालिकाओं को महिला अपराधों से बचाव, साइबर ठगी से सुरक्षा और हेल्पलाइन नंबरों के उपयोग के बारे में जागरूक किया गया। मिशन शक्ति टीमों ने विभिन्न स्थानों पर पंपलेट वितरित कर लोगों को जानकारी दी।
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष तथा नारी शक्ति वंदन अधिनियम समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर 1090 वूमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन और 1930 साइबर हेल्पलाइन सहित अन्य सेवाओं का तत्काल उपयोग किया जा सकता है।