शोहरतगढ़। शिवपति स्नातकोत्तर महाविद्यालय शोहरतगढ़ की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन शनिवार को शोहरतगढ़ स्थित दोई मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के साथ हुआ।
शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। इसके साथ ही योग और व्यायाम का अभ्यास कर स्वास्थ्य के महत्व को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया तथा स्वच्छता जागरूकता रैली निकालकर समाज को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया गया।
समापन समारोह की अध्यक्षता रानी लक्ष्मीबाई इकाई के कार्यक्रम अधिकारी अरविंद कुमार सिंह ने की। मुख्य अतिथि के रूप में महाविद्यालय के सेवानिवृत्त रसायन विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एमएन सिंह उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि ने कहा कि एनएसएस स्वयंसेवकों ने समाज में सामंजस्य स्थापित करने, कुरीतियों को दूर करने और लोगों को जागरूक करने की कला सीखी है। उन्होंने युवाओं को माता-पिता का सम्मान करने, परिवार के साथ समय बिताने और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर वास्तविक जीवन में जुड़ाव बढ़ाने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर मेजर मुकेश कुमार, इंद्रदेव वर्मा, स्वयंसेविका उमा पांडेय, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामकिशोर सिंह, डॉ. अजय सिंह, डॉ. राजू प्रजापति सहित अन्य लोग मौजूद रहे।