सिद्धार्थनगर। दवा प्रतिनिधियों (एमआर) ने शुक्रवार को साथी राहुल कुमार हत्याकांड के शीघ्र खुलासे की मांग को लेकर जिलाधिकारी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। एमआर संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से कहा कि वारदात के काफी समय बाद भी हत्याकांड का खुलासा नहीं होना चिंता का विषय है। उनका आरोप था कि पुलिस मामले में लीपापोती कर रही है और जांच को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से स्वयं मामले का संज्ञान लेकर पुलिस अधीक्षक से प्रभावी कार्रवाई कराने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार जिलाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक से वार्ता कर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुलाकात के बाद दवा प्रतिनिधियों ने एकत्र होकर राहुल कुमार को न्याय दिलाने के समर्थन में नारेबाजी की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। संवाद