भनवापुर। भनवापुर ब्लॉक के बिजौरा, पिपरा कानूनगो, बेतनार और सिंगारजोत समेत 12 उपकेंद्रों पर बुधवार को आशा और संगिनी की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें स्वास्थ्य सेवाओं और सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधीक्षक ने विभिन्न उपकेंद्रों का भ्रमण कर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधीक्षक डॉ. शैलेंद्र मणि ओझा ने निर्देश दिए कि संगिनी प्रत्येक माह आशा कार्यकर्ताओं की ओर से किए जा रहे कार्यों का भौतिक सत्यापन करें। कमियां मिलने पर मौके पर ही उनका समाधान कराएं। उन्होंने कहा कि आशा कार्यकर्ता अपने क्षेत्र की योग्य दंपती महिलाओं की अंतिम मासिक धर्म तिथि (एलएमपी) नियमित रूप से अपडेट करें, ताकि गर्भवती महिलाओं का समय से पंजीकरण हो सके और उन्हें पहली तिमाही में फोलिक एसिड की गोलियां उपलब्ध कराई जा सकें।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं की एएनएम के माध्यम से कम से कम चार प्रसव पूर्व जांच कराने पर जोर दिया। इससे उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की समय रहते पहचान कर उपचार शुरू किया जा सकेगा। साथ ही गर्भवती महिलाओं की जन्म योजना तैयार कराने, संस्थागत प्रसव के फायदे बताने और नवजात शिशुओं व बच्चों का समय से टीकाकरण कराने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए।
अधीक्षक ने संगिनी को आशा कार्यकर्ताओं के काम में सहयोग करने और पर्यवेक्षकों को क्षेत्र में नियमित भ्रमण कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति जागरूक करने को कहा।
वहीं, एचईओ राजीव त्रिपाठी ने एएनएम और संगिनी को अपने क्षेत्र में टीकाकरण से इन्कार करने वाले परिवारों की सूची तैयार करने और उन्हें टीकाकरण के लिए प्रेरित करने के लिए निर्देशित किया।