- कांवड़ यात्रा : बढ़नी, शोहरतगढ़ और आसपास के बाजारों में प्रभावित हुई ग्राहकों की आवाजाही
- ग्रामीण क्षेत्रों से खरीदारी के लिए आने वालों को तय करना पड़ रहा लंबा रास्ता
सिद्धार्थनगर। कांवड़ यात्रा को लेकर लागू किए गए रूट डायवर्जन का असर अब बाजारों पर भी दिखने लगा है। मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सीमित होने और कई रास्तों पर बदलाव किए जाने से ग्रामीण क्षेत्रों से खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों की संख्या प्रभावित हुई है। बढ़नी और शोहरतगढ़ के बाजारों में दुकानदारों का कहना है कि सामान्य दिनों की तुलना में ग्राहक कम पहुंच रहे हैं। दूसरी ओर जरूरी सामान की खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को वैकल्पिक रास्तों से अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है।
डुमरियागंज के दुकानदार उस्मान ने बताया कि कांवड़ यात्रा के कारण मार्ग बदलने से आसपास के गांवों से आने वाले ग्राहकों की संख्या में कमी आई है। बांसी के कोमल कहते हैं कि पहले लोग सीधे बाजार पहुंच जाते थे लेकिन अब रास्ता बदलने के कारण कई लोग खरीदारी करने से हिचक रहे हैं। इसका सीधा असर बिक्री पर पड़ रहा है।
इसी तरह शोहरतगढ़ बाजार के मुर्तजा के अनुसार फल-सब्जी और किराना जैसी रोजमर्रा के जरूरी सामान की खरीदारी पर भी असर महसूस हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के ग्राहक बाजार तक पहुंचने के बजाय अपने आसपास की छोटी दुकानों से सामान लेने को प्राथमिकता दे रहे हैं। इससे मुख्य बाजार के कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
लंबा रास्ता, बढ़ा समय और खर्च
- डायवर्जन का असर सिर्फ दुकानदारों पर ही नहीं बल्कि ग्राहकों पर भी पड़ रहा है। सकारपार निवासी ग्राहक उदयशंकर तिवारी ने बताया कि पहले बाजार पहुंचने में कम समय लगता था लेकिन अब डायवर्जन के कारण दूसरा रास्ता लेना पड़ रहा है। इससे समय के साथ वाहन का ईंधन खर्च भी बढ़ रहा है।