संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। चित्रकला विषय को बच्चे सरल समझते हैं, लेकिन जरा सी गलती इस विषय में नंबर कटवा सकती है। आलेखन में रंग भरते समय स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने से चित्रकला में पर्याप्त नंबर मिलेंगे। बोर्ड परीक्षार्थी को आलेखन व अन्य चित्र को बनाने के बाद रंग भरने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
जनता विद्या मंदिर इंटर कॉलेज उदयराजगंज के चित्रकला की शिक्षिका सोनाली गुप्ता ने बताया कि गणित के बाद चित्रकला ही एक ऐसा विषय है, जिसमें शत-प्रतिशत अंक हासिल किए जा सकते हैं। उत्तर पुस्तिका पर चित्र उकेरने से पहले जरूरी बातों का ध्यान रखा जाना चाहिए। पहले तो चित्रकला का निरंतर अभ्यास जरूरी है।
अभ्यास के दौरान कुछ खास पेंसिल का प्रयोग करना चाहिए, ताकि आकृति देखने में और भी सुंदर लगे। कहा कि परीक्षा में पानी के लिए कोई छोटा बर्तन अवश्य साथ लेकर जाएं। विषय की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राएं उत्तर पुस्तिका में शेडिंग के लिए एचबी, टू बी, 6बी पेंसिल, रबर इत्यादि सामग्री भी साथ रखें। छाया प्रकाश को सावधानीपूर्वक चित्र में दिखाएं। इससे चित्र प्रभावशाली बनेगा। आलेखन का पूर्व अभ्यास करके अवश्य जाएं, ताकि वहां जाकर आपका समय खराब न हो।
उन्होंने बताया कि हाईस्कूल के छात्र अक्सर चित्रकला का चयन करते है। इसमें नंबर भी अधिक लाते है, लेकिन थोड़ी और मेहनत व कापी पर स्वच्छता उन्हें अतिरिक्त दिलाएगा।