30 दिन में 30 रुपये महंगा हुआ सरसों का तेल
दाल और सब्जी के साथ खाने का तेल भी हुआ महंगा
लगातार बढ़ रहे दाम से दुकानों पर जाने से कतरा रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। अनलॉक होने के साथ ही दाल और सब्जी के दाम के दाम बढ़ गए हैं। सरसों का तेल भी पिछले माह से अब तक औसतन प्रतिदिन एक रुपये लीटर की दर से महंगा हुआ है। दुकानदारों के अनुसार सरसों के तेल में एक माह में 30 रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी हुई है। लगातार बढ़ रही महंगाई के कारण लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है।
एक माह पूर्व तक मूल्य कम होने से लोगों की थाली में सब्जियां मुहैया थीं लेकिन एक माह में इन सब्जियों के दाम में डेढ़ से दो गुना तक बढ़ोतरी हुई है। हरी सब्जी में तरोई, सरपुतिया, करेला, भिंडी की कीमतों में एक माह में 10 से 20 रुपये प्रति किग्रा बढ़ोत्तरी हुई है। आलू की कीमत भी 10 रुपये और टमाटर के मूल्य 15-20 रुपये तक बढ़ गए है। इधर तिलहन और दलहन की कीमत में भी तेजी से इजाफा हुआ है। अरहर दाल की कीमत में एक माह के भीतर 20-25 रुपये बढ़ोतरी हो गई। अरहर दाल तो 70-85 से बढ़कर 90-100 रुपये और काबुली चना 55-75 से बढ़कर 65-85 रुपये हो गए। तेलहन में सरसों तेल की कीमत एक माह पूर्व जहां 110-115 रुपये लीटर थी वहीं अब 140-145 रुपये तक हो गई है। किराना व्यापारी गुड्डू शुक्ला का कहना है कि एक माह में खाने की तेल समेत अन्य किराना सामानों की कीमत में उछाल आ गया है। गृहणी सुनीता और राधिका देवी का कहना है कि इधर खाने वाली सामग्री की कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है, जिससे खरीदारी के लिए सब्जी और किराना की दुकानों पर जाने की हिम्मत नहीं होती।
खाद्य सामग्री एक माह पहले अब (रुपये में)
सरसों तेल 110-11क5, 140-145
अरहर दाल 70-85, 90-100
काबुली चना 55-75, 65-85
आलू (सब्जी) 20-25, 30-35
टमाटर 60-65, 80-85