लखनऊ की टीम ने गोरखपुर को 32 रन से हराया
सिद्धार्थनगर। जिला स्टेडियम में आयोजित गौतम बुद्ध क्रिकेट प्रतियोगिता में रविवार को लखनऊ और गोरखपुर की टीम के बीच मैच खेला गया। इसमें लखनऊ की टीम ने 32 रन से जीत दर्ज की। मैच के दौरान चौका और छक्का लगने पर तालियों की गड़गड़ाहट से स्टेडियम गूंजता रहा।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सभी विकेट खोकर 128 रन का लक्ष्य दिया। अंश पटेल ने 48, आकाश सिंह ने 39 रन, उज्जवल ने 15 रनों का योगदान दिया। गोरखपुर की टीम की ओर से प्रदुम्न ने तीन, रवि ने तीन, अजय प्रताप सिंह ने एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर की टीम 96 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। गोरखपुर की तरफ से प्रियांशु ने 25, अजय व दुर्गेश ने 10 रन बनाए।
लखनऊ की तरफ से अमरीश ने तीन, जितेंद्र पटेल ने तीन और दानवीर ने एक विकेट लिया। इस मैच के मैन ऑफ द मैच अंश पटेल को दिया गया। मैच में मुख्य अतिथि एमआर संघ के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार पाठक ने खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की। इस दौरान शिवजी, एस वर्मा, विपिन मणि त्रिपाठी, विवेक त्रिपाठी, मनीष यादव, विजय वर्मा, अंपायर नदीम अहमद, मैनुद्दीन काजू, गंगेश्वर कुशवाहा, सोहेल अंसारी आदि मौजूद रहे।