सकारपार। वर्तमान समय में रसोई गैस की किल्लत को लेकर जहां कई एजेंसियों पर उपभोक्ताओं को सिलिंडर लेने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, इंडियन ग्रामीण वितरक बिशुनपुर मुस्तहकम ने उपभोक्ताओं को बड़ी राहत दी है। एजेंसी की तरफ से अब होम डिलीवरी का काम शुरू कर दिया गया है। उपभोक्ता बुकिंग के 48 घंटे में घर बैठे गैस सिलिंडर पा सकेंगे, इसके लिए उन्हें डीएसी नंबर बताना होगा।
एजेंसी संचालक गणेश चतुर्वेदी ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि सभी लोग धैर्य बनाए रखें और घबराने की जरूरत नहीं है। उन्होंने बताया कि उपभोक्ता अपने गैस सिलेंडर की बुकिंग समय से कर लें। बुकिंग करने के बाद उनके मोबाइल पर डीएसी नंबर आएगा, जिसके 48 घंटे के भीतर हॉकर होम डिलिवरी के लिए पहुंचेगा। डीएसी नंबर बताकर गैस सिलिंडर घर पर ही प्राप्त किया जा सकता है। डीएसी नंबर न होने की स्थिति में गैस मिलने में दिक्कत हो सकती है।
एजेंसी के पास रसोई गैस की कमी नहीं है और पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है। डिलीवरी मैन द्वारा उपभोक्ताओं के घर तक गैस सिलिंडर समय पर पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और नियमानुसार अपने गैस की बुकिंग कर समय से गैस प्राप्त करें।