लोटन। जमीन के विवाद में संदीप यादव की पिटाई के बाद हुई मौत के 10 दिन बाद भी कोल्हुआ गांव में तनाव बरकरार है।
संदीप की मौत के बाद लोटन कस्बे के मुख्य तिराहे पर सड़क जाम कर प्रदर्शन करने के मामले में पुलिस ने गुड्डू यादव, तेज प्रताप यादव, विजय पहलवान, राम नेवास यादव समेत 13 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
वहीं, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है। पुलिस की कार्रवाई पर लोग सवाल उठा रहे हैं।
मौत के बाद गांव में सियासी हलचल भी जारी है। रविवार को जगदंबिका पाल, श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या समेत कई जनप्रतिनिधि पीड़ित परिवार से मिलने धरनिहवा गांव के टोला कोल्हुआ पहुंचे और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। सांसद जगदंबिका पाल ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
उन्होंने कहा कि वह परिवार के साथ खड़े हैं और उन्हें न्याय दिलाया जाएगा। साथ ही चक्का जाम प्रकरण में बड़े नेताओं पर कार्रवाई न होने और पीड़ित पक्ष के रिश्तेदारों पर एफआईआर दर्ज किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस शुरू से ही मामले को गंभीरता से लेती तो घटना टाली जा सकती थी। इस मामले को मुख्यमंत्री तक उठाने की बात भी कही।
वहीं, श्यामधनी राही ने सीएचसी अधीक्षक को फोन कर घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। इसके बाद चिकित्सा टीम गांव पहुंची और घायलों को सीएचसी लोटन लाकर इलाज कराया गया। विधायक प्रतिनिधि सत्य प्रकाश राही ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। विधायक ने प्रशासन से मांग की कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, चाहे उनका संबंध किसी भी दल से हो।