श्री हनुमत महायज्ञ के लिए निकाली कलश यात्रा
बिस्कोहर कस्बे में स्थित मंदिर से निकाली गई यात्रा
बिस्कोहर (सिद्धार्थनगर)। हनुमानगढ़ ज्ञान लोक नारद कुटी में नौ दिवसीय श्री हनुमत महायज्ञ के लिए मंगलवार दोपहर एक बजे कलश यात्रा निकाली गई। इसमें महिला व पुरुष श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश लेकर नगर भ्रमण किया। इस दौरान जय श्रीराम व जय हनुमान के जयकारे गूंजते रहे।
मंदिर परिसर से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कलश यात्रा रवाना हुई, जो बिस्कोहर बस अड्डा होते हुए बूढ़ी राप्ती नदी परसोंहन पहुंची। यहां पर आचार्य शेष नारायन झा, विकास तिवारी व उपाचार्य कपिल देव तिवारी और ओम प्रकाश ने विधिवत पूजन कराया। इसके बाद श्रद्धालु कलश में जल भरकर मंदिर स्थित यज्ञ स्थल पर पहुंचकर कलश को स्थापित किया। सात दिनों तक यहां यज्ञ और प्रवचन चलेगा। यज्ञ संरक्षक स्वामी देवरामदास वेदांती ने बताया कि शाम सात बजे से अयोध्या से आए कथा व्यास मोहन दास शास्त्री का प्रवचन होगा। रात्रि 10 बजे तक श्रद्धालु रामकथा का रसपान करेंगे।
इस दौरान मुख्य यजमान हरिश चंद गुप्ता, अमरनाथ पांडेय, देवहुति पांडेय, नागा बाबा, सुधीर कुमार त्रिपाठी, अजय गुप्ता, राजेंद्र गुप्ता, राजेश यादव, अजय मौर्य, गोरखनाथ पाठक, अवधेश कुमार पांडेय, रामपाल यादव, प्रेमनाथ यादव आदि मौजूद रहे।