जमीन के लिए बेटे ने मां को पीटा
एक दिन पहले पिता की पिटाई की थी
त्रिलोकपुर क्षेत्र के मुड़िला गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जमीन अपने नाम कराने के लिए एक युवक ने पहले पिता को पीट दिया। उसने पुलिस से शिकायत की तो मंगलवार को मां की पिटाई कर दी। गंभीर हाल में मां को जिला अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मामला कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के मुड़िला गांव का है। आरोपी बेटे को पुलिस टीम ने पकड़ लिया है।
कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के मुड़िला गांव निवासी सई मोहम्मद (60) के मुताबिक उनका बेटा कमरुदीन खेती की दो बीघा जमीन अपने नाम कराने के लिए बार-बार दबाव बनता है और विवाद करता था। दो दिन पहले जमीन अपने नाम कराने के लिए जिद करने लगा। विरोध करने पर उसने मार पीटकर घायल कर दिया। इसकी शिकायत सोमवार को कपिलवस्तु पुलिस से की थी। पुलिस ने मंगलवार को आने के लिए कहा था।
मंगलवार दोपहर बेटा फिर विवाद करने लगा और पत्नी अबरुनिशा (55) पर हमला बोल दिया, जिससे लहूलुहान हो गई। आसपास के लोगों के बीच-बचाव के बाद मामला शांत कराया। इस संबंध में एसओ कपिलवस्तु सूर्यप्रकाश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वह अस्पताल गए थे। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।