गोशाला में नाद की ऊंचाई बढ़ाने के दिए निर्देश
पकड़ी बाजार। पशु पालन विभाग के विशेष सचिव अच्छे लाल यादव ने शोहरतगढ़ क्षेत्र के धनगढ़िया गांव में हाल में बनाई गई गोशाला का बुधवार को निरीक्षण किया। उन्होंने नाद की ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि गोशाला में जल्द ही सुविधाएं बढ़ाकर आसपास के छुट्टा पशुओं को संरक्षण दिया जाए। छुट्टा पशुओं को गोशाला में पहुंचाने के बाद किसानों की फसल की भी सुरक्षा होगी।
विशेष सचिव के पहुंचने से पहले ही पशु पालन विभाग के अधिकारी व कर्मचारी सक्रिय हो गए थे। उन्होंने गोशाला के अधूरे कार्य जल्द ही पूरे करने के निर्देश दिए। धनगढ़िया में बनाई गई गोशाला में चार शेड बनाए गए हैं। उनमें करीब 50 पशुओं को रखा गया है। इस गोशाला में 242 पशुओं को रखने की क्षमता है।
इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एमपी सिंह और अन्य अधिकारी मौजूद थे। विशेष सचिव अच्छेलाल यादव ने बुधवार को शोहरतगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व सियाव नानकार, ढेकहरी गांव में गोशाला में चारा-पानी, भूसा, पशुओं के रखराव, समय-समय पर मवेशियों की सेहत की जांच की जानकारी ली।