भूपतिजोत गांव में शार्ट सर्किट से झोपड़ी में लगी आग, सामान राख
घोसियारी। खेसरहा थाना क्षेत्र भूपतिजोत गांव में मंगलवार को शार्ट सर्किट से झोपड़ी में आग लग गई। भागते समय बच्चे का पैर झुलस गया है। ग्रामीणों की घंटों कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग से नकदी व गृहस्थी का सामान जल गया।
क्षेत्र के भूपतिजोत गांव निवासी मुरली झोपड़ी डालकर परिवार के साथ रहते हैं। उसी में बिजली का कनेक्शन है। बताया जा रहा है कि दोपहर में शार्ट सर्किट से आग लग गई। परिवार की महिलाओं ने किसी तरह भागकर जान बचाई। भागते समय पांच वर्षीय नीतू का पैर आग से झुलस गया। शोरगुल सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, झोपड़ी आग की लपटों से घिर चुकी थी। ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सब कुछ राख हो चुका था। मुरली के मुताबिक, इस घटना में पांच हजार रुपये और लाखों का सामान जल गया। चौकी प्रभारी कुर्थिया दीपक कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी राजस्व विभाग को दे दी गई है।