बढ़नी के समय माता स्थान से मधवानगर होते हुए बैरिहवा तक संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य शुरू। संवा
तुलसियापुर/ढेबरुआ। करीब 20 साल से जर्जर सड़क की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को अब राहत मिलने की उम्मीद जगी है। बढ़नी विकासखंड में बढ़नी समय माता स्थान से मधवानगर होते हुए बैरिहवा तक संपर्क मार्ग का निर्माण शुरू हो गया है।
शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा के प्रस्ताव पर लोक निर्माण विभाग 246.92 लाख रुपये की लागत से 3.1 किलोमीटर लंबी सड़क बनवा रहा है। निर्माण स्थल पर गिट्टी गिराने का काम शुरू हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की हालत खराब होने से आवागमन में काफी परेशानी होती थी। बारिश के दौरान सड़क पर चलना मुश्किल हो जाता था। सबसे ज्यादा दिक्कत स्कूली बच्चों, मरीजों और दोपहिया वाहन चालकों को होती थी। खराब सड़क के कारण कई बार राहगीर गिरकर चोटिल भी हो जाते थे।
क्षेत्रीय निवासी विजय कुमार, अरविंद कुमार, अखिलेश, शंभू, राधेश्याम, गोविंद द्विवेदी और बबलू पांडेय ने बताया कि लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग की जा रही थी। अब काम शुरू होने से लोगों को जल्द आवागमन सुगम होने की उम्मीद है। सड़क बनने से किसानों, मरीजों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-एक के सहायक अभियंता अरुण कुमार सिंह ने बताया कि 246.92 लाख रुपये की लागत से संपर्क मार्ग का निर्माण शुरू कराया गया है। निर्माण कार्य विभागीय मानकों के अनुसार कराया जाएगा।