ढेबरुआ। नेपाल सीमा से सटे बढ़नी नगर पंचायत में सड़क किनारे लगे बड़े-बड़े होर्डिंग राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। पचपेड़वा तिराहा, रेलवे क्रॉसिंग, अस्पताल मोड़ और मुड़िला रोड पर होर्डिंग के कारण आवागमन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने इन्हें हटवाने की मांग की है।
बाजार में कई जगह दुकानों के सामने और सड़क की ओर निकले होर्डिंग से पैदल चलने की जगह कम हो गई है। इससे राहगीरों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है। वहीं, प्रमुख चौराहों पर लगे बड़े होर्डिंग के कारण दूसरी ओर से आने वाले वाहन समय से दिखाई नहीं देते। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। रेलवे क्रॉसिंग और अस्पताल मोड़ जैसे व्यस्त स्थानों पर यह समस्या अधिक गंभीर है। होर्डिंग के कारण रास्ता संकरा होने से जाम की स्थिति भी बन रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़नी बाजार में पहले से ही वाहनों और राहगीरों की आवाजाही अधिक रहती है। ऐसे में सड़क किनारे अनियोजित ढंग से लगाए गए होर्डिंग परेशानी बढ़ा रहे हैं। उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से प्रमुख चौराहों और बाजार की सड़कों का निरीक्षण कर बाधा बन रहे होर्डिंग हटवाने की मांग की है।
-
यहां बनी हुई है समस्या
- बढ़नी के प्रमुख चौराहों और सड़कों के किनारे लगे बड़े होर्डिंग
- पचपेड़वा तिराहा, रेलवे क्रासिंग, अस्पताल मोड़ और मुड़िला रोड पर समस्या
- सड़क की ओर निकले होर्डिंग से आवागमन में बाधा
- चौराहों पर दूसरी ओर से आने वाले वाहन नहीं दिखने का खतरा
- पैदल राहगीरों को सड़क पर उतरकर चलने की मजबूरी
- बाजार में जाम और दुर्घटनाओं की आशंका
- होर्डिंग हटाने के लिए अभियान चलाने की मांग
कोट
बाजार और प्रमुख चौराहों का निरीक्षण कराया जाएगा। आवागमन में बाधा बन रहे होर्डिंग हटवाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। साथ ही विज्ञापन लगाने के निर्धारित नियमों का पालन भी सुनिश्चित कराया जाएगा।
- अजय कुमार, ईओ