इटवा कस्बे में आचार संहिता लागू होने पर होर्डिंग हटाते कर्मी।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
आचार संहिता लगते ही हटे होर्डिंग्स, बैनर व पोस्टर
सिद्धार्थनगर। आदर्श आचार संहिता लगने और चुनाव की तारीखें घोषित होने के साथ ही प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया। शनिवार को निर्वाचन आयोग की ओर से इसकी घोषणा किए जाने के बाद प्रशासन ने सार्वजनिक स्थानों से होर्डिंग्स, बैनर, पोस्टर आदि प्रचार सामग्रियों को हटवाना शुरू कर दिया।
जिला मुख्यालय के सिद्धार्थ चौराहा, हायडिल तिराहा, सांड़ी तिराहा, बांसी बस स्टैंड आदि जगहों पर राजनीतिक दलों के होर्डिंग को तेजी से हटाया जाने लगा। इसके अलावा सरकारी कार्यालयों पर सरकार की उपलब्धियां बताने वाले कई बड़े-बड़े होर्डिंग्स भी उतार दिए गए। डुमरियागंज में सभी प्रमुख चौराहों लगी प्रचार सामग्री को पुलिस टीम की मौजूदगी में हटाया गया।
सरकार की उपलब्धियों को दर्शाने वाले होर्डिंग्स भी उतरवा दिए गए हैं। इटवा में भी प्रशासन हरकत में दिखा और होर्डिंग व बैनर जैसी राजनीतिक दलों की प्रचार सामग्री को उतरवाया। कमोबेश यही नजारा बांसी और शोहरतगढ़ विधान सभा क्षेत्रों में भी दिखा। प्रचार सामग्रियों से पटे प्रमुख चौराहों का नजारा बदल गया और सारे होर्डिंग्स और बैनर हटाए जाने का अभियान शुरू कर दिया गया।