फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: हफ्ते भर सताएगी लू, उमस भरी गर्मी से नहीं मिलेगी राहत

Mon, 22 Jun 2026 02:25 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
शहर के अशोक मार्ग पर तपती धूप में स्कूटी पर हेलमेट के अंदर कपड़े से चेहरे को ढक कर जाती हुई महि
विज्ञापन
40 डिग्री पहुंचा पारा, सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक दर्ज हुआ तापमान
विज्ञापन

हल्के बादल छाने के बावजूद बारिश के आसार नहीं, बढ़ेगी बेचैनी
सिद्धार्थनगर। सुबह की हल्की नरमी कुछ ही घंटों में तपिश में बदल जा रही है। दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगता है और शाम तक उमस लोगों का जीना मुहाल कर देती है। शनिवार को भी कुछ ऐसा ही मौसम रहा। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले एक सप्ताह तक लोगों को लू और उमस भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
शनिवार को दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं का असर बना रहा। दोपहर के समय बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी। जरूरी काम से निकलने वाले लोग भी सिर और चेहरे को ढककर चलते नजर आए। शाम को हल्के बादल छाने के बावजूद मौसम में राहत महसूस नहीं हुई। हवा में नमी अधिक होने के कारण उमस का असर और बढ़ गया।
विज्ञापन

आचार्य नरेंद्र देव कृषि और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ. अमर नाथ मिश्र के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में आगामी 24 घंटे के दौरान हल्के बादल छाए रहने की संभावना है लेकिन वर्षा के कोई विशेष संकेत नहीं हैं। तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा, जिसके चलते लू जैसी परिस्थितियां बनी रह सकती हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दोनों ही सामान्य से ऊपर हैं, जिससे दिन और रात दोनों समय गर्मी महसूस हो रही है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 78 प्रतिशत और न्यूनतम 50 प्रतिशत दर्ज की गई। यही कारण है कि धूप कम होने के बाद भी लोगों को राहत नहीं मिल रही। शरीर से निकलने वाला पसीना जल्दी नहीं सूख रहा, जिससे चिपचिपाहट और बेचैनी बनी हुई है। विशेषज्ञों का कहना है कि अधिक तापमान और अधिक आर्द्रता का मेल शरीर पर अतिरिक्त दबाव डालता है।
गर्मी का असर सबसे ज्यादा मजदूरों, किसानों, रिक्शा चालकों और खुले आसमान के नीचे काम करने वाले लोगों पर पड़ रहा है। दोपहर के समय सड़क निर्माण, भवन निर्माण और खेतों में काम करने वाले श्रमिकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी गर्मी, डिहाइड्रेशन और उल्टी-दस्त की शिकायत लेकर पहुंचने वालों की संख्या बढ़ रही है।
विज्ञापन

मौसम विज्ञानी डॉ. अमर नाथ मिश्र ने बताया कि फिलहाल किसी प्रभावी पश्चिमी विक्षोभ या मानसून की सक्रियता के संकेत नहीं मिल रहे हैं। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से ऊपर बना रह सकता है। हल्के बादलों की आवाजाही रहेगी लेकिन इससे गर्मी और उमस से राहत मिलने की संभावना कम है। लोगों को फिलहाल लू और उमस के दोहरे प्रहार के लिए तैयार रहना होगा।
-
मौसम का हाल
- अधिकतम तापमान : 40.0 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान : 28.0 डिग्री सेल्सियस
- अधिकतम आर्द्रता : 78 प्रतिशत
- न्यूनतम आर्द्रता : 50 प्रतिशत
- हवा की गति : 2.8 किमी प्रति घंटा
- हवा की दिशा : उत्तर-पश्चिमी
- वर्षा : 2.0 मिमी
-
लू से बचने के लिए बरतें सावधानी
- दोपहर 11 से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचें
- पर्याप्त मात्रा में पानी और ओआरएस का सेवन करें
- हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें
- खाली पेट घर से बाहर न निकलें
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
- चक्कर, कमजोरी या अधिक पसीना आने पर तुरंत छायादार स्थान पर जाएं
-
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें