हेल्थ एटीएम पर होगी सेहत की जांच, नहीं लगाना होगा लैब का चक्कर
- जिले के पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर शुरू होगा हेल्थ एटीएम
- ब्लड और यूरिन से जुड़े 52 पर प्रकार के जांच की तत्काल मिलेगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। मरीजों को ब्लड और यूरिन संबंधित जांच के लिए अब न तो लैब का चक्कर लगाना पड़ेगा और न ही बाहर जांच के लिए रुपये खर्च होंगे। आसानी से रिपोर्ट मिले और हर मरीज जांच समय से हो सके, इसके लिए जिले में हेल्थ एटीएम स्थापित किए जाएंगे। पहले चरण में जिले के पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिह्नित किए गए हैं। यह सेवा एक माह के भीतर शुरू होने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और मरीजों का आसानी से इलाज और जांच हो सके। इसके लिए स्वास्थ्य व्यवस्था में लगातार बदलाव करके नये तकनीक पर जोर दिया जा रहा है। सरकारी अस्पताल में मरीज को सारी सुविधाएं मिल जाए, इस पर जोर दिया जा रहा है। अब जिले में लखनऊ की तर्ज पर हेल्थ एटीएम खुलेंगे। पांच सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नामित हुए हैं। यहां पर जल्द ही एटीएम स्थापित किए जाएंगे। इसमें 52 प्रकार के जांच होंगे। ब्लड और यूरिन से संबंधित जांच होगी। इसके पीछे का उद्देश्य है कि अस्पतालों में जांच का बोझ हल्का होगा। साथ ही मरीजों का तत्काल जांच हो सकेगा और उसकी रिपोर्ट भी आसानी से मिल सकेगी। इससे मरीजों को काफी लाभ मिलेगा। इस संबंध में डिप्टी सीएमओ डॉ. सौरभ चतुर्वेदी ने बताया कि हेल्थ एटीएम पांच सीएचसी पर खुलेंगे। इसके लिए कागजी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
---
जिले इन पांच अस्पतालों पर शुरू होगी एटीएम सेवा
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक डुमरियागंज, बर्डपुर, बांसी, शोहरतगढ़ और इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को नामित किया गया है। यहां पर पहले चरण में हेल्थ एटीएम खोला जाएगा। इन अस्पतालों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में ओपीडी में मरीज आते हैं।
---
हेल्थ एटीएम में यह होगी सुविधा
इन हेल्थ एटीएम में 10 मिनट में डेंगू, मलेरिया, एचआईवी, टाइफाइड सहित 52 से अधिक जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी। साथ ही ये जांचें पूरी तरह से नि:शुल्क रहेंगी।
---
इनकी होगी जांच
हेल्थ एटीएम के स्थापित होने के बाद लोगों को शरीर में अलग-अलग तरह की जांच कराने के लिए शुल्क देकर विभिन्न स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा। हेल्थ एटीएम में आधुनिक तकनीक वाली मशीनों के जरिए लोग नि:शुल्क ही बॉडी मास इंडेक्स, ब्लड प्रेशर, मेटाबॉलिक ऐज, बॉडी फैट, हाईड्रेशन, पल्स रेट, हाइट, मसल मास, शरीर का तापमान, शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा, वजन सहित कुल 59 जांच करा सकेंगे। बॉडी स्क्रीनिंग के लिए कुल 16 तरह की जांच तत्काल हो सकेगी। इतना ही नहीं, हेल्थ एटीएम के माध्यम से रैपिड टेस्ट, यूरिन टेस्ट, गर्भावस्था, डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड, एचआईवी, ग्लूकोज, हीमोग्लोबिन, लिपिड प्रोफाइल आदि जैसी जांचें भी बड़ी ही सरलता से लोगों को उपलब्ध हो पाएंगी।