लोटन क्षेत्र के भिटपरा में घायल.........................अब्दुल वहीद।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
जन सूचना मांगने वाले युवक पर हमला
- लोटन थाना क्षेत्र के ग्राम भिटपरा में मारपीट कर किया घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। लोटन थाना क्षेत्र के ग्राम भिटपरा में कुछ लोगों ने एक युवक को मारपीट कर घायल कर दिया। युवक का आरोप है कि उसने ग्राम पंचायत के कार्यों के संबंध में जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत जानकारी मांगी थी, जिस कारण उस पर जानलेवा हमला हुआ। उसने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम भिटपरा निवासी वहीद का कहना है कि वह ग्राम पंचायत में हुए कार्यों का जन सूचना अधिकार अधिनियम के तहत 24 मार्च को जानकारी मांगी थी। जिसके बाद से उसे आवेदन वापस करने के लिए प्रलोभन व धमकी दी जा रही थी, लेकिन उसने आवेदन वापस नहीं लिया। रविवार देर शाम को जब वह दहला से वापस आ रहा था तभी गांव से बाहर रास्ते में गोलबंद विपक्षियों ने उसे घेरकर लाठी, डंडा व कुदाल से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्होंने मारपीट कर खेत में बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर परिजन पहुंचे और उसे घर ले आए। जिसके बाद विपक्षी घर पर पहुंच मारपीट करने लगे, लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। उसने पुलिस को तहरीर देकर विपक्षियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। एसओ लोटन देवनंदन उपाध्याय ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है, जल्द ही दोषियों के खिलाफ केस दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।