शोहरतगढ़ में ट्रॉली पर लदा सरकारी राशन पकड़ा गया
शोहरतगढ़। कस्बा के एक गल्ला की दुकान पर बिक्री के लिए ट्रॉली पर लाद कर लाए गए सरकारी गल्ले को नायब तहसीलदार अवधेश राय और पूर्ति निरीक्षक राम सेवक ने पकड़ लिया। उन्होंने सरकारी गल्ला बिक्री करने के मामले में जांच की। टीम ने 80 बोरी सरकारी गेहूं पकड़ा है।
मंगलवार की शाम को नगर पंचायत शोहरतगढ़ के चेतिया मार्ग पर छतहरी स्थित एक गल्ले की दुकान पर ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदे 80 सरकारी बोरी में राशन बिक्री करने की सूचना पर नायब तहसीलदार एवं पूर्ति निरीक्षक ने मौके पर पहुंच कर जांच की।
सरकारी खाद्यान्न नेपाल सीमावर्ती गांव रमवापुर तिवारी के एक कोटेदार के यहां से लाए जाने की सूचना मिली थी। छतहरी स्थित गल्ले की दुकान पर नायब तहसीलदार अवधेश कुमार राय और पूर्ति निरीक्षक राम सेवक यादव ने बेचने वाले रमवापुर तिवारी निवासी और खरीदारी कर रहे दुकानदार से पूछताछ की। बिक्री के लिए लाए गए गल्ला के बारे में किसी ने सही जवाब नहीं दिया।
नायब तहसीलदार ने बताया कि खाद्यान पुलिस को सौंप मामले की जांच की जा रही है। एसडीएम शिवमूर्ति सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर 80 सरकारी बोरे में गेहूं पकड़ा गया है। टीम जांच कर रही है।