बाढ़ के पानी में डूबी बालिका का शव मिला
लोटन। कोतवाली क्षेत्र के बड़हरा गांव में सोमवार को कीचड़ से सनी चप्पल को धुलते समय डूबी बालिका का शव मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम ने खोज निकाला। उसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्र के बड़हरा गांव निवासी गरिमा पांडेय (9) पुत्री गिरिकेश पांडेय सोमवार को गांव से पूर्व तरफ स्थित बनहा घाट की तरफ जाने वाले रास्ते पर घूमने गई थी। चप्पल में कीचड़ लग जाने के कारण वह पानी में धोने गई थी कि पैर फिसल गया। वह गहरे पानी जाकर डूब गई थी। उसकी तलाश में मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम लगी हुई थी। डूबने वाले स्थान पर ही शव को बरामद किया गया।
उसके बाद लोटन पुलिस ने पंचनामा करके उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ लोटन अभिमन्यु सिंह ने बताया कि शव मिलने के बाद पंचनामा करके उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट का इंतजार है।