संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जनपद में निर्माणाधीन एक हजार सीट क्षमता वाले ऑडिटोरियम का जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने सोमवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता के लिए थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों से वर्तमान निर्माण स्थिति की जानकारी ली। बताया गया कि फिलहाल प्लिंथ लेवल तक के कॉलम और बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इस पर उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया गया कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ संपन्न किए जाएं, ताकि भविष्य में किसी तकनीकी समस्या का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी इंस्पेक्शन कराने का भी आदेश दिया। उन्होंने कहा कि समय-समय पर कार्य की समीक्षा की जाएगी और किसी भी अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि एक हजार सीट क्षमता वाला यह ऑडिटोरियम जनपद के लिए महत्वपूर्ण परियोजना है, जिससे भविष्य में सरकारी कार्यक्रम, सांस्कृतिक आयोजन और अन्य सार्वजनिक गतिविधियों को सुविधाजनक रूप से संचालित किया जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभाग के अधिकारी और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।