भारतभारी। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के डुमरियागंज-बस्ती मार्ग पर तिलगड़िया के पास बृहस्पतिवार रात दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में महिला व बच्चे सहित चार लोग घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर होने पर बेवा सीएचसी से उन्हें जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के तिलगड़िया निवासी सद्दाम अहमद (40) अपनी पत्नी शाइस्ता खातून (35) व पुत्र शादाब (11) के साथ बाइक से बैदौला अपने रिश्तेदार के घर दावत पर गए थे। देर रात बाइक से बैदौला से घर लौट रहे थे। अभी वह गांव के पास पहुंचे थे कि मुड़ते समय बेवा की तरफ से आ रहे बाइक सवार नीरज गौतम (25) निवासी धोबहा थाना इटवा से टक्कर हो गई। इस हादसे में नीरज अचेत हो गए जबकि दंपती और बच्चा घायल हो गए।
हादसे के बाद घायलों को राहगीरों ने एंबुलेंस से सीएचसी बेवा पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल नीरज और शाइस्ता को हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल बस्ती रेफर कर दिया गया। मौके पर पीआरवी ने घायल युवक की पहचान की और परिवार वालों को सूचना दी।