बिस्कोहर। नगर पंचायत बिस्कोहर के वार्ड नंबर 15 विश्वनाथ नगर (डेंगहर) में शुक्रवार को 59 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड और नाला निर्माण कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष अजय गुप्ता के पूजन के बाद निर्माण कार्य की शुरुआत कराई।
परियोजना के तहत क्षेत्र में करीब 300 मीटर लंबे नाले और सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। इसमें नाला निर्माण पर 39 लाख रुपये और सीसी रोड निर्माण पर 20 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को लंबे समय से बनी जलभराव और कीचड़ की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
नगर अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने ठेकेदार को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। इस अवसर पर सभासद प्रतिनिधि रवि सिंह, लाल जायसवाल, सभासद हर्षित श्रीवास्तव, शिवपति उपाध्याय, अरुण त्रिपाठी, कन्हैया वरुण आदि मौजूद रहे।