खुनुवां। सीमा से सटे नेपाल के कपिलवस्तु जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार नेपाली नकुल घर्ती, दिल कुमारी, मनीषा, दिल कुमारी घर्ती को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 14. 427 किलोग्राम चरस बरामद की गई है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम एरिया पुलिस ऑफिस कृष्णानगर कपिलवस्तु से पुलिस इंस्पेक्टर कृष्ण बहादुर कुंवर के नेतृत्व में गठित टीम ने नेपाल से भारत की ओर मादक पदार्थ की तस्करी की सूचना पर कार्रवाई की। जिला पुलिस कार्यालय के सूचना अधिकारी डीएसपी रिपेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को मीडिया को बताया कि पुलिस टीम ने बस पार्क, वार्ड नंबर 02, कृष्णानगर में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की। तलाशी के दौरान उनके शरीर के विभिन्न हिस्सों और बैग में छिपाकर रखी गई 14 किलो 427 ग्राम चरस बरामद की गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए लोगों की पहचान नकुल घर्ती मगर निवासी निसीखोला गांव पालिका वार्ड नंबर छह, जिला बागलुंग, दिल कुमारी घर्ती मगर निवासी निसीखोला गांव पालिका वार्ड नंबर नौ, जिला बागलुंग, मनीषा घर्ती मगर निवासी निसीखोला गांव पालिका वार्ड नंबर छह, जिला रुकुम, दिल कुमारी घर्ती निवासी भूमे गांव पालिका वार्ड नंबर एक, रुकुम ईस्ट के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर मादक पदार्थ से जुड़े मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही न्यायिक प्रक्रिया के तहत हिरासत अवधि बढ़ाने की तैयारी भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।