सिद्धार्थनगर। लोटन कोतवाली क्षेत्र के कोल्हुआ गांव में मारपीट के बाद इलाज के दौरान युवक की मौत के बाद सड़क जाम करने के मामले में पीड़ित पक्ष पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसको लेकर सपा से पूर्व विधायक विजय पासवान ने पदाधिकारियों के साथ सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचे, यहां से एसपी से वार्ता की और एफआईआर वापस करने की मांग की।
पूर्व विधायक विजय पासवान और पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष जमील सिद्दकी ने कहा कि तीन नौजवानों के साथ 13 पुरुषों व महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह गलत हुआ है और इसे वापस लिया जाना चाहिए। कहा कि समाजवादी पार्टी की महिला नेता शुभांगी द्विवेदी के पिता का जनपद के भूमाफियाओं की ओर से 42 लाख लेकर जमीन नहीं दी और धमकी भी दे रहे हैं।
पीड़ित परिवार के प्रार्थना पत्र के अनुरूप रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इस मामले में कार्रवाई कराई जाए। इस दौरान राष्ट्रीय सचिव यूथ ब्रिगेड खुर्शीद खान, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष यूथ ब्रिगेड शुभांगी द्विवेदी, जय प्रकाश यादव, आमिर शेख, रवि पासवान मोहन यादव, शिव कुमार गौतम आदि मौजूद रहे।