हाटा। नगर के बाघनाथ चौराहे पर स्थित शहीद स्मारक को नेशनल हाईवे पर बन रहे फ्लाईओवर की जद में आने के कारण हटाए जाने का पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने विरोध किया है। शुक्रवार को उन्होंने अपने समर्थकों के साथ स्मारक स्थल पर धरना देकर प्रशासन के निर्णय के खिलाफ आवाज उठाई।
पूर्व मंत्री राधेश्याम सिंह ने दो दिन पहले ही यहां धरना देने का ऐलान किया था। तय कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को वे समर्थकों के साथ बाघनाथ चौराहे पर पहुंचे और शहीद स्मारक के पास बैठकर विरोध प्रदर्शन किया। धरने को संबोधित करते हुए राधेश्याम सिंह ने कहा कि शहीद स्मारक देश के वीर सपूतों की याद और सम्मान का प्रतीक है। ऐसे स्मारक की बाउंड्री तोड़ना और उसे हटाना शहीदों का अपमान है, जिसे किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन इसके नाम पर शहीदों की स्मृति से जुड़े प्रतीकों को नुकसान पहुंचाना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि यदि फ्लाईओवर निर्माण के कारण स्मारक को हटाना जरूरी है तो उसे सम्मानपूर्वक किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थापित किया जाए, ताकि शहीदों की स्मृति और गरिमा बनी रहे। धरने की सूचना मिलने पर एडीएम प्रशासन वैभव मिश्रा, सीओ कुंदन सिंह मौके पर पहुंचे और पूर्व मंत्री से बातचीत की। इस दौरान राधेश्याम सिंह ने उन्हें अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। एडीएम ने ज्ञापन लेकर मामले को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। धरना प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री के कई समर्थक और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।