धनतेरस और दीपावली को देखते हुए फिर बढ़ने लगी बाजार में रौनक
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु कोतवाली क्षेत्र के अलीगढ़वा कस्बे में हुए विस्फोट के छठवें दिन अन्य थानों से ड्यूटी में लगी फोर्स वापस बुला ली गई है। स्थानीय थाने की फोर्स है, जो भ्रमण करके निगरानी कर रही है। वहीं, धनतेरस और दीपावली को देखते हुए बाजार में रौनक लौटने लगी है। दुकानों के खुलने के साथ ही खरीदार भी पहुंचने लगे हैं।
सीमा से सटे अलीगढ़वा कस्बे में 31 अक्तूबर को हुए विस्फोट में चार लोगों की मौत और चार लोग घायल हो गए थे। घटना वाले दिन से ही कई थानाध्यक्ष थानों की पुलिस के अलावा क्यूआरटी, दमकल और अन्य एजेंसियां जांच में लगी थीं। रविवार को छठवें दिन अन्य थानों की पुलिस को वापस बुला लिया गया। अब लोकल थाने की पुलिस भ्रमण करके जानकारी लेती रहेगी। वहीं, दमकल सहित अन्य टीमें वापस हो गई हैं।
हालांकि, कुछ जांच एजेंसी के लोग गोपनीय तरीके से जांच कर रहे हैं। लोगों से जानकारी ले रहे हैं। दुकानें खुलने के बाद दीपावली और धनतेरस को देखते हुए बाजार में चहल-पहल बढ़ गई है। लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी है। इस संबंध में सीओ सदर अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि स्थिति सामान्य है। घटनास्थल से फोर्स हटा दी गई है। छानबीन अब भी जारी है।