शहर में स्थित एक स्कूल से बच्चों को लेकर बस। संवाद
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
बिना फिटनेस सर्टिफिकेट सड़क पर दौड़ रहे 271 स्कूली वाहन
- एआरटीओ ने फिटनेस सर्टिफिकेट के लिए स्कूल संचालकों को दिया है नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। स्कूलों का संचालन शुरू हो गया है। बच्चों को लाने एवं ले जाने के लिए स्कूली वाहन सड़क पर दौड़ने लगे हैं। जिले में 530 स्कूली वाहनों का परमिट है लेकिन इनमें सिर्फ 259 वाहन ही फिटनेस सर्टिफिकेट लिए हैं। 271 वाहन बिना फिटनेस सर्टिफिकेट के बच्चों को बिठाकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। एआरटीओ विभाग ने वाहनों का फिटनेस सर्टिफिकेट न लेने वाले स्कूल संचालकों को नोटिस भेज कार्रवाई की चेतावनी दी है।
कोरोना संक्रमण के कारण दो वर्ष से स्कूल बंद होने के कारण स्कूली वाहन भी खड़े थे, अब स्कूल खुलने के साथ ही इनका संचालन शुरू हो गया है। प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर स्कूली वाहनों के हादसे की घटनाओं के बाद नियमों को सख्ती से लागू करने के निर्देश जारी होते है। जिसके कुछ दिन बाद लापरवाही के मामले सामने आने लगते हैं। जिससे स्कूली बच्चों के हादसे का शिकार होने की संभावना बढ़ जाती है। वर्तमान में शहर समेत कस्बों व विभिन्न ग्रामीण चौराहों पर संचालित स्कूलों के कई वाहन बिना फिटनेस सर्टिफिकेट लिए ही सड़कों पर दौड़ रहे हैं। जिले में आठ सीट वाले 104 मैजिक वाहनों में 69 बिना फिटनेस के ही बच्चों की स्कूल ले जा रहे हैं। यहां तक कि निर्धारित सीट से अधिक बच्चों को बैठाने के भी कई मामले सामने आ रहे हैं। इसी तरह विभिन्न स्कूलों में संचालित 38 बसों में 20 अनफिट होने के बावजूद सड़क पर दौड़ रहे हैं।
------------
स्कूली वाहन कुल संख्या फिटनेस सर्टिफिकेट बिना फिटनेस सर्टिफिकेट
मैजिक 104 35 69
वैन 20 54 66
मिनी बस 268 152 116
बस 38 18 20
स्कूली वाहनों को फिटनेस सर्टिफिकेट के लिए संबंधित स्कूल संचालकों को नोटिस भेजा गया है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही होने अथवा जांच के समय बच्चों के ले जाने में अनफिट वाहन पकड़े गए तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- आशुतोष कुमार शुक्ल, एआरटीओ