बांसी में कुश्ती में जीत के लिए जोर-आजमाइश करते पहलवान।
- फोटो : अमर उजाला
बांसी। नगर स्थित रामजानकी मंदिर परिसर में विराट दंगल आरंभ हो गया। तीन दिवसीय इस विराट दंगल के पहले दिन रविवार को दूर-दूर से आए पहलवानों ने कुश्ती कला का प्रदर्शन किया। इसमें अयोध्या व गोरखपुर के पहलवान विजयी रहे। अखिल भारतीय विराट दंगल में देश के कोने-कोने से पहलवान भाग ले रहे हैं। नेपाल के पहलवानों ने भी अपनी कुश्ती का प्रदर्शन किया। पहला मुकाबला नेपाल के देव थापा व भूकंप सिंह के बीच हुआ जो बराबरी पर रहा। दूसरा मुकाबला अयोध्या के पहलवान के नाम रहा। तीसरे मुकाबले में गोरखपुर के महेंद्र पहलवान विजयी रहे।
पंजाब के पहलवान ज्वाला सिंह व अब्दुल गनी में रोमांचक मुकाबला हुआ। अंत में मुकाबला बराबरी पर छूटा। इनके बीच एक बार फिर सोमवार को भी मुकाबला होगा। वहीं, कानपुर के बहुचर्चित संजय पहलवान अपने मुकाबले को जीत नहीं सके। उधर, दंगल के दूसरे दिन अयोध्या हनुमानगढ़ी के बाबा केशवदास, रामकिशन पहलवान, दिल्ली के गामा पहलवान, पंजाब के भारत केसरी, दिग्विजय, रोहित के अलावा दिल्ली से आईं महिला पहलवान भी कुश्ती कौशल को प्रदर्शित करेंगे।
विराट दंगल के पहले दिन दंगल प्रेमी दर्शकों ने सभी पहलवानों का तालियों के साथ हौसलाअफजाई की और भरपूर आनंद उठाया। दंगल का समापन मंगलवार को होगा। दूसरी ओर, अली पहलवान ने चार बाइक को एक साथ खींचकर अपनी ताकत का परिचय दिया। इस दौरान आयोजक बाबा महंत हनुमान दास नागा, रतनदास, राकेश सिंह, राजेश सोनी, अंकित मिश्र, मोहम्मद मुजीब, हरिगोविंद साहू, धर्मेंद्र श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।