इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में लगी आग, लाखों का सामान बर्बाद
डुमरियागंज। नगर पंचायत स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में शनिवार देर रात आग लग गई। फायर ब्रिगेड की ओर से घंटों मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया गया। इसमें नकदी सहित लाखों का सामान जलकर नष्ट हो गया। आग बुझाने के लिए बस्ती, बलरामपुर जनपद से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ी थी।
नगर के पंचायत के रहने वाले शंभू प्रसाद की कस्बे में इलेक्ट्रानिक्स की दुकान है। शनिवार रात करीब नौ बजे दुकान बंद हुई। कर्मियों के साथ मालिक शंभूप्रसाद भी नगर पंचायत स्थित अपने घर केलिए रवाना हुए। इसी बीच दुकान में आग लग गई। राहगीरों ने बंद दुकान से धुआं उठता देख उसके मालिक को फोन कर सूचना दी। जब तक मालिक शंभू प्रसाद अग्रहरि दुकान तक पहुंचे, धुआं आग की लपटों में बदल गया और दुकान धूं-धूं कर जलाने लगी। घटना स्थल पर पहुंचकर दुकानदार शंभू अग्रहरि ने नगर पंचायत कार्यालय से जेसीबी मंगवाकर शटर को तोड़वाया।
इलेक्ट्रॉनिक सामान होने की वजह से आग पूरी दुकान में कुछ ही देर में फैल गई। सब कुछ देखते ही देखते आग की लपटों के हवाले हो गया। दुकान जलती देख मालिक सहित कर्मी भावुक हो गए। जब तक फायर ब्रिगेड के लोग पहुंचते, तब तक सब कुछ जलकर बर्बाद हो गया। स्थानीय दमकल विभाग की असमर्थता देख प्रशासन ने बस्ती, हरैया, उतरौला, भानपुर आदि जगहों से दमकल की गाड़ियां मंगाईं। घटना की सूचना पाकर विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह व व्यापार मंडल के लोग पहुंचे। इस संबंध में डुमरियागंज इंस्पेक्टर वकील पांडेय ने बताया कि स्थानीय दमकल की गाड़ियों के साथ ही पड़ोसी जिले बलरामपुर और बस्ती की भी गाड़ियों को बुलवाया गया। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़ित दुकानदार की हरसंभव मदद करवाई जाएगी।
दमकल की दो गाड़ियों को बारी-बारी चला रहा था एक ड्राइवर
इलेक्ट्रानिक्स की दुकान में आग लगने की सूचना जब फायर ब्रिगेड को मिली तो वहां तैनात ड्राइवर एक दमकल गाड़ी को लाकर दुकान के सामने खड़ी कर दी। साथ में दो होमगार्ड के जवान भी थे। उन्हें आग बुझाने की कोई भी तकनीकी जानकारी नहीं थी। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों ने खुद ही आग बुझाने का जिम्मा ले लिया। करीब आधे घंटे बाद जब दमकल से पानी खत्म हो गया तो ड्राइवर दूसरी गाड़ी लाने चला गया। जब ड्राइवर दूसरी गाड़ी लेकर आया तो उसके पानी से आग बुझाने का प्रयास शुरू हो गया। इस दौरान ड्राइवर पहली गाड़ी लेकर पानी भरने चला गया। करीब 20 मिनट दूसरी दमकल का भी पानी खत्म हो गया। आग पर काबू पा चुके लोग मायूस होकर फिर से उठ रही लपटों को देखने लगे। पहली गाड़ी को लाने पर बीच करीब एक घंटे का अंतराल हो गया। इस दौरान पूरी दुकान आग की लपटों में घिर गई।