पांचवां दीक्षांत समारोह पांच को, शामिल होंगी राज्यपाल
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में कार्यक्रम की तैयारियां तेज
डीएम दीपक मीणा ने बैठक कर अधिकारियों को बांटी जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु का पांचवें दीक्षांत समारोह पांच दिसंबर को आयोजित होगा। इसमें राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल होंगी। कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव ने बताया कि 11:30 बजे से होने कार्यक्रम में उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. गिरीश चंद्र त्रिपाठी भी शामिल होंगे।
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु के पांचवें दीक्षांत समारोह की तैयारी जोरशोर से चल रही है। कुल सचिव राकेश कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में विद्वत परियात्रा, दीप प्रज्ज्वलन, कुलगीत, सरस्वती वंदना एवं कुलपति द्वारा प्रगति आख्या प्रस्तुत करने के बाद नव स्नातकों को उपाधि वितरण, कुलाधिपति द्वारा पदक वितरण किया जाएगा। विश्वविद्यालय द्वारा मुख्य अतिथि को डीलिट की मानद उपाधि देने के बाद दीक्षांत अभिभाषण होगा। उधर, कैंप कार्यालय पर बैठक कर डीएम दीपक मीणा ने कार्यक्रम की तैयारी के संबंध में अधिकारियों को जिम्मेदारी बांटी। इसमें एसपी डॉ. यशवीर सिंह, सीडीओ पुलकित गर्ग, जिला पंचायत राज अधिकारी आदर्श आदि शामिल रहे। डीएम दीपक मीणा ने बताया कि जिन अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है, वे प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। इसके बाद डीएम ने सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु में तैयारी का जायजा लेने के बाद कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव के साथ बैठक की।
राज्यपाल के ठहरने के लिए अतिथि गृह का निरीक्षण कर साफ-सफाई समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इसके बाद दीक्षांत समारोह मंच व हेलीपैड को देखा। इस दौरान एएसपी सुरेश चंद्र रावत, परियोजना निदेशक सुरेंद्र कुमार गुप्त, जिला विकास अधिकारी शेषमणि सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय, जिला कार्यक्रम अधिकारी शुभांगी कुलकर्णी आदि मौजूद रहीं।
रक्तदान शिविर का होगा आयोजन
कपिलवस्तु। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय में दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी देते हुए कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव ने बताया कि राज्यपाल के तीन दिनों के प्रवास के दौरान बृहद पैमाने पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। संवाद