- तीखी धूप से लोग परेशान,सता रही उमस भरी गर्मी
- 34 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक रहा अधिकतम तापमान
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। पूरे सीजन में चकमा दे रहे मानसून का रवैया विदाई की बेला में भी चकमा देने से बाज नहीं आ रहा है। तीन दिन से तीखी धूप ने लोगों को बेहाल कर रखा है। उमस भरी गर्मी से लोग परेशान हैं। इस बीच तापमान में भी दो दिन की तुलना में अधिकतम चार डिग्री सेल्सियस बढ़कर 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञानी ने बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा तापमान कम होने के बाद भी उमस से लोगों को परेशानी बढ़ी हुई है। 10 वर्षों में 20 सितंबर को इतना ज्यादा तापमान कभी भी दर्ज नहीं किया गया। विगत वर्षों में 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहा है। अनुमान है कि एक सप्ताह तक तापमान इसी तरह बना रहेगा। बारिश की संभावना 25 सितंबर के बाद है। शुक्रवार को एक सुबह से ही तेज धूप निकल गया, जिससे लोगों को सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया।
तापमान में वृद्धि होने से लोगों को जून जैसी गर्मी सता रही है। शहर में राहगीर दोपहर के समय छांव की तलाश में भटकते दिखे। शहर के मुख्य बाजार सिद्धार्थ चौक पर आवाजाही भी कम नजर आई। स्कूल से लौट रहे बच्चे धूप के कारण बेहाल नजर आए। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि इधर बारिश की कम गुंजाइश दिखाई दे रही है। सर्दी का सीजन अभी शुरू होने में देर है। इसलिए बीच के दिनों में उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है।
-
वेबसाइट पर चौंकाने वाले आंकड़े
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की वेबसाइट पर जिले वार तापमान, बारिश आदि के आंकड़े दर्ज किए जाते हैं। इस वेबसाइट पर चौंकाने वाली रिपोर्ट पाई गई है। वेबसाइट पर दर्ज आंकड़े में सिद्धार्थनगर जिले में बरसात के पूरे सीजन में 1026.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जबकि सीजन की शुरुआत में करीब साढ़े तीन सौ मिलीमीटर और कुल मिलाकर बमुश्किल छह सौ मिलीमीटर बारिश हुई है। मौसम विज्ञानी डाॅ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आंकड़ा को लेकर हैरान हैं। रेनफॉल इतना अधिक कैसे दिखा रहा है।
-
पिछले पांच वर्ष का आकड़ा
वर्ष अधिकतम न्यूनतम
2023 34 27
2022 32 26
2021 33.3 25
2020 34 24
2019 30 23