अवैध निर्माण पर चला बुलडोजर
शोहरतगढ़ कस्बे के तहसील गेट कस्बा होते हुए चेतिया मोड़ तक चला बुलडोजर, दुकान, और मकान के सामने बने चबूतरा, सीढ़ी तोड़ी गई
संवाद न्यूज एजेंसी
शोहरतगढ़। स्थानीय कस्बे में मंगलवार को तहसील गेट से लेकर पुलिस पिकेट, इक्कावान चौराहा, गड़ाकुल से होते हुए चेतिया मार्ग तक सड़क के दोनों किनारों से अतिक्रमण कर बने अवैध निर्माण हटाए गए। पुलिस व प्रशासन की मौजूदगी में मकान और दुकान के सामने बने चबूतरा एवं सीढ़ी आदि तोड़ी गईं। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से अवैध निर्माण हटाने के दौरान लोगों की भीड़ लगी रही।
शोहरतगढ़ कस्बे से एनएच-730 मार्ग निकला हुआ है। सड़क के दोनों किनारे पटरी पर ठेला, अवैध कब्जा, अतिक्रमण के कारण सड़क पर जगह कम हो गई थी। इससे आए दिन जाम और घटना की आशंका बनी रहती थी। इसी कारण प्रशासन ने सोमवार से अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया है। यह मंगलवार को भी जारी रहा। सड़क की दोनों तरफ बनीं गुमटियों, चाय व पान की दुकानों को हटवाया गया। साथ ही दुकान एवं मकान के सामने अवैध तरीके से बनाए गए चबूतरा, सीढ़ी, गेट सहित आदि बुलडोजर से तोड़कर हटा दिए गए। इस दौरान एसडीएम उत्कर्ष श्रीवास्तव, ईओ नगर पंचायत नवीन कुमार सिंह, सीओ शोहरतगढ़ हरिश्चंद्र, शोहरतगढ़ थानाध्यक्ष जय प्रकाश दुबे आदि मौजूद रहे।
अतिक्रमण नहीं हटाए तो होगी कार्रवाई
बिस्कोहर/कठेला। सड़कों के पटरियों पर अतिक्रमण को हटवाने के लिए मंगलवार को कठेला समय माता थाने पर क्षेत्र के व्यापारियों, टेंपो, टैक्सी, बस के स्वामियों व चालकों की बैठक की गई। सीओ शोहरतगढ़ हरिश्चंद्र ने कठेला चौराहा, कठेला कोठी व झकहिया चौराहे की सड़कों पर अतिक्रमण करने वाले व्यापारियों, टेंपो, टैक्सी व बस चालकों को 48 घंटे में हटाने के निर्देश दिए। ऐसा न करने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। सीओ ने कहा कि शासन के सख्त निर्देश हैं कि अनधिकृत वाहन स्टैंड और बाजारों से अवैध अतिक्रमण हटाया जाए। नगर के बाजारों में चिह्नीकरण किया जाएगा। साथ में चिह्नित वाली जगह पर जो अतिक्रमण करते पकड़ा जाएगा। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हर व्यापारी को इसकी सूचना दी जाएगी। चिह्नीकरण के बाद जो पकड़ा जाएगा, उसका सामान जब्त कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान एसओ सौदागर राय, प्रधान झकहिया अब्दुल्लाह, नजीर, वकील, समसुद्दीन, मोहम्मद अली, अकरम, संतोष, बिफई, राम सूरत, रामसेवक, प्रहलाद, किशन, राजभवन, राम औतार, सहलाद, मंगरू, पवन कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद
प्रशासन ने अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजर
इटवा। तहसील क्षेत्र के महादेव घुरहू में प्रशासन ने मंगलवार को बुलडोजर चलवा दिया। सड़क के किनारे हुए कब्जे देखते ही देखते खाली हो गए। दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी। एसडीएम अभिषेक पाठक व सीओ रमेशचंद्र पांडेय की अगुवाई में दोपहर बाद महादेव घुरहू के मुख्य चौराहे से बिस्कोहर मार्ग व इटवा मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू हुआ। तहसीलदार संजीव कुमार दीक्षित के निर्देश पर बुलडोजर चालक पलक झपकते ही अतिक्रमण को जमींदोज कर रहा था। इस संबंध में एसडीएम अभिषेक पाठक का कहना है कि मुख्य मार्गों पर आवागमन में बाधक बने अतिक्रमण को लोग स्वयं हटा लें, अथवा उसे बलपूर्वक हटा दिया जाएगा। संवाद