सिद्धार्थनगर। सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बेटियों को सुरक्षित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब टीकाकरण विशेष जोर दे रहा है। माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को जिम्मेदारी दी गई है। अधीक्षक की अगुवाई में टीम क्षेत्र में पड़ने वाले विद्यालयों में जाकर बच्चियों को जागरूक करने के साथ ही टीकाकरण के लिए उनका पंजीकरण करने का काम शुरू किया गया है। 14 से 15 वर्ष की किशोरियों को लगाए जा रहे इस टीके को लेकर अभिभावकों में फैले भ्रम और झिझक को दूर करने के लिए स्वास्थ्य कर्मी स्कूल स्तर पर जागरूकता अभियान चला रहे हैं, जिससे टीकाकरण बढ़े और आने वाले खतरे को रोका जा सके।
सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में तेजी से बढ़ रहा है। आने वाले समय में बीमारी का दायरा और बढ़ने से रोकने के लिए 14 से 15 साल की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीनेशन शुरू किया गया है, जिससे आने वाली बीमारी की पहले ही रोक-थाम की जा सके। टीकाकरण की मुख्य जिम्मेदारी माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग को दी गई है। यहां कमरा नंबर 13 में विशेष टीकाकरण कक्ष बनाया गया है, जहां नियमित रूप से किशोरियों को निशुल्क वैक्सीन की सुविधा है। शुरुआती दिनों में कम संख्या में लोग पहुंच रहे थे, लेकिन अब स्वास्थ्य विभाग ने स्थानीय स्तर पर प्रचार-प्रसार तेज कर दिया है।
इस संबंध में डॉ. नौशाद आचार्य और विभागाध्यक्ष कम्युनिटी मेडिसिन विभाग माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल काॅलेज ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में टीकाकरण के लिए कमरा बना है और वहां टीका लगाने की सुविधा है। इसके साथ ही टीम और सीएचसी स्तर पर भी टीकाकरण और जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है।