बरहज। गोरखपुर जनपद सीमा से सटे राप्ती नदी तट पर बसा भदिला प्रथम गांव बारिश के मौसम में प्रत्येक वर्ष टापू बन जाता है। इस गांव के लिए नदी पर पक्का पुल बनाने के लिए शासन की ओर से मंजूरी मिल गई है। 31 करोड़ से इस पुल का निर्माण होगा। भदिला प्रथम गांव के लोगों की राह आसान करने के लिए रामजानकी मार्ग से नेतवार पट्टी के रास्ते गांव तक पुल और एप्रोच मार्ग बनाया जाएगा। करीब 3130.65 लाख की लागत से छह पिलर पर 133 मीटर लंबा और 7.50 मीटर चौड़ा पुल होगा। दो-दो मीटर की पटरी बनाई जाएगी। इस पुल के बन जाने से नदी के किनारे बसे इस गांव के लोगों की जीवनशैली बदल जाएगी।
अभी गांव में आने-जाने के लिए कोई रास्ता नहीं है। जिससे लोग गोरखपुर जनपद के रास्ते खेत के बीच से आते-जाते हैं। बरसात में यह गांव मैरूंड हो जाने के कारण जिले से कट जाता है।