रिमझिम बारिश से सड़कों पर हुआ जलभराव
सुबह से बारिश होने से बाहर निकलने से कतराते रहे लोग
खेती के लिए फायदेमंद है बारिश, धान की नर्सरी डालने के लिए पानी जरूरी
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सुबह से रूक-रूककर हुई बारिश के कारण लोगों का घर से निकलना मुश्किल रहा। जो थोड़ी देर बारिश थमने पर बाहर निकले भी वह भीगने से बचे नहीं। बारिश से सड़क के गड्ढों में जलभराव से शहर में जाम लगने के साथ ही राहगीरों को दुश्वारियां झेलनी पड़ी।
रविवार की रात से शुरू हुयी बारिश सोमवार पूरे दिन जारी रही। दो दिन लॉकडाउन के बाद सोमवार को सुबह से हो रही बारिश के कारण जरूरी कार्य से बाहर निकलने के लिए लोग परेशान रहे। शहर के हायडिल तिराहे से सिद्धार्थ चौराहे तक जाने वाली सड़क के बीच बने गड्ढों में जलभराव से जाम की स्थिति रही। कई बाइक एवं टेंपो चालक गड्ढे में गिरकर चोटिल हो गए। शहरवासी राकेश, मनोज, संदीप और अशफाक का कहना है कि बार-बार शिकायत के बाद भी सड़क के गड्ढे नहीं भरे जाने से बारिश के मौसम में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बांसी, डुमरियागंज, इटवा, शोहरतगढ़, उसका, बढ़नी, बर्डपुर आदि कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों पर जलभराव के कारण राहगीरों को सांसत झेलनी पड़ी। शहर के भीमापार, थरौली, मुड़िला आदि मोहल्लों एवं बांसी कस्बा के कई मोहल्लों में जलभराव के कारण लोगों को घर से बाहर निकलना मुश्किल रहा। कृषि विज्ञान केंद्र सोहाना के मौसम वैज्ञानिक सूर्य प्रकाश सिंह ने सोमवार को 24 घंटे में 20 मिमी बारिश हुई। मानसून सीजन में दो दिन 40 मिमी बारिश हो चुकी है। मंगलवार को 25 मिमी वर्षा का पूर्वानुमान है, जबकि बुधवार को मध्यम या भारी वर्षा का पूर्वानुमान है।
खेती के लिए फायदेमंद है बारिश
किसानों की खेती के लिए बारिश फायदेमंद होगा। इससे धान की नर्सरी तैयार करने में सहूलियत मिलेगी। जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि धान की नर्सरी डालने के साथ ही खेत तैयार करने में भी बारिश फायदेमंद रहेगी। किसान खेत में नमी होने से जोताई कर खेत तैयार कर सकते हैं। कुछ सब्जियों की फसल के लिए बारिश नुकसान कर सकती है।
कई स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित
बारिश एवं हवा से शहर के कुछ मोहल्लों समेत जोगिया, लोटन, खेसरहा और उसका के ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ी। अधिशासी अभियंता बिजली आरके कुशवाहा ने बताया कि जहां फाल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई है वहां मरम्मत करा आपूर्ति सुचारु रूप से संचालित कराई जा रही है।