सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ और मोहाना थाना क्षेत्र में दो दिन पहले नेपाल सीमा के निकट यूरिया के साथ पकड़े गए चालक खलासी समेत चार आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की। इसमें यूरिया मुहैया कराने वाले दो नए नाम सामने आए हैं। इनका कहना है कि बार्डर के पास के गांव के रहने वाले कादिर और तिवारी ने उन्हें 83 बोरी यूरिया नेपाल ले जाने के लिए दिया था। पुलिस ने जिला कृषि अधिकारी रविशंकर पांडेय की तहरीर पर कुल आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
एसएसबी टीम ने 19 अगस्त को शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के परसौना गांव के बाहर बानगंगा के चौकी के पास परसौना-खुनुवा मार्ग पर पिकअप और टेंपो में खाद लोड करने के दौरान चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया था। जांच में पिकअप में 41 व टेंपो में 15 बोरी समेत 56 बोरी यूरिया लदा मिला था। इसमें टेंपाे चालक जंगबहादुर और पिकअप चालक कैलाश निवासी ग्राम-डोहरिया खुर्द टोला इटवा भाट थाना शोहरतगढ़ शामिल थे। इनके विरुद्ध शोहरतगढ़ थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने उनसे पूछताछ की। पूछताछ में दो अन्य नाम सामने आने पर पुलिस ने इन पर भी रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
27 बोरी मिली थी खाद, दो पर प्राथमिकी
वहीं, मोहाना थाना क्षेत्र के ककरहवा के पास निरंजनपुर गांव के तरफ से नेपाल बाॅर्डर की ओर जा रहे इलेक्ट्रिक ऑटो से 16 बोरी यूरिया खाद और बगीचे में रखी हुई 11 बोरी यूरिया समेत 27 बोरी यूरिया बरामद हुआ था। यहां पकड़े गए जितेंद्र गुप्ता ग्राम फरसादीपुर थाना मोहाना और रोहित निवासी फरसादीपुर थाना मोहाना के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।