सिद्धार्थनगर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत मंगलवार को जिले के सभी बूथों पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का आलेख्य (ड्राफ्ट) प्रकाशन किया गया। पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 17,29,886 मतदाता दर्ज हैं। ड्राफ्ट सूची जारी होने के साथ ही नाम जुड़वाने, कटवाने और संशोधन कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।
17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां ली जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी 2027 को होगा। जिले की कपिलवस्तु, बांसी, शोहरतगढ़, इटवा और डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों पर मतदाता सूची उपलब्ध करा दी गई है। मतदाता संबंधित बूथ पर जाकर सूची में अपना नाम देख सकते हैं। फिर एक महीने तक चलने वाले विशेष पुनरीक्षण अभियान में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन कर सकते हैं। एसआईआर से पहले जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 19,61,872 मतदाता थे। एसआईआर के बाद यह संख्या घटकर 15,62,972 रह गई थी। यानी 3,98,900 मतदाता कम हो गए थे। इसके बाद विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 1,66,914 मतदाता बढ़े हैं। एसआईआर से पहले की तुलना में अभी 2,31,986 मतदाता कम हैं।
वर्षों से डाल रहे थे वोट, अब फिर करना होगा आवेदन : निर्वाचन आयोग ने एसआईआर से पहले मतदाता सूची में दर्ज रहे, लेकिन वर्तमान सूची से नाम कट चुके लोगों को भी फार्म-6 भरने का अवसर दिया है। हालांकि, इसके लिए शर्त है कि संबंधित मतदाता का नाम किसी अन्य विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज न हो और फार्म-6 में की गई घोषणा नियमानुसार सही हो। एसआईआर के दौरान 77,493 ऐसे नाम मिले थे, जिनके मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी थी। वहीं, 10,42,299 मतदाताओं का सत्यापन नहीं हो सका था। इसके अलावा 1,65,751 मतदाता दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित हो चुके थे। 9,725 मतदाताओं का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला था, जबकि 41,650 डुप्लीकेट नाम पाए गए थे। इन कारणों से कुल 3,98,900 मतदाताओं के नाम कम हुए थे।