शासन ने जिले की मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अनीता सिंह का तबादला बुधवार को तबादला कर दिया। उन्हें फिर से हरदोई जिले में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक बना दिया गया है। सीएमओ पद पर नियुक्ति से पहले उनकी तैनाती इसी पद पर थी। तबादले से रिक्त हुए जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी पद का कार्यभार जिला अस्पताल के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. जीसी श्रीवास्तव को सौंपा गया है।
वरिष्ठता सूची में नीचे होने के बाद भी डॉ. सिंह की सीएमओ पद पर तैनाती के खिलाफ मामला कोर्ट में चल रहा था। शासन ने कोर्ट के आदेश पर यह कार्रवाई की है। डॉ. अनीता सिंह को इसी वर्ष सितंबर माह में जिले के मुख्य चिकित्साधिकारी पद पर तैनाती मिली थी। वह हरदोई सीएमएस से पदोन्नत पाकर यहां आई थीं।
तैनाती के बाद से ही अपने कड़े फैसलों के कारण वह विवादों में भी रहीं। पहले कार्यालय के एक लिपिक ने उत्पीड़न का आरोप लगाया। फिर जिला कुष्ठ रोग अधिकारी लंबी छुट्टी पर चले गए। वेतन बिल पर दस्तखत न होने से स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का वेतन भी चार माह से अटका पड़ा था।
इसके खिन्न होकर कर्मचारियों ने भी सीएमओ के खिलाफ मोर्चा खोल रखा था। पिछले एक सप्ताह से वह लगातार हड़ताल पर थे। मामला विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय के दरबार तक भी पहुंचा था। इस बीच बुधवार को शासन ने सीएमओ के तबादले का आदेश जारी कर दिया। इसकी प्रति मिलने के तत्काल बाद कागजी औपचारिकताएं पूरी करते हुए डॉ. जीसी श्रीवास्तव ने सीएमओ पद पर कार्यभार ग्रहण कर लिया। डॉ. श्रीवास्तव के मुताबिक शासन के निर्देश के तहत उन्होंने कार्यभार संभाल लिया है।