स्वच्छता में ही होता है दैवीय शक्ति का वास : योगी
सिद्धार्थनगर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने नव संवत्सर और नवरात्र की बधाई देते हुए लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया। स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि दैवीय शक्ति का वास गंदगी में नहीं होता है, इसलिए सभी को स्वच्छता अभियान का हिस्सा बनने की जरूरत है।
सीएम ने कहा कि मां दुर्गा को शक्ति की अधिष्ठात्री देवी माना जाता है। उनका अनुष्ठान और पूजन हम सभी को आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। सौभाग्य है कि आज के इस पावन मौके पर तथागत बुद्ध की धरती पर आने का मौका मिला है। भगवती आदिशक्ति से प्रार्थना है कि उनसे मिलने वाली शक्ति से रोग, शोक, संताप से लोगों को मुक्ति मिले।
मौतों में आई 90 प्रतिशत गिरावट
अपर मुख्य सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य व परिवार कल्याण अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के पहले कार्यकाल में संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम के चलते जेई/एईएस से होने वाली मौतों में 90 प्रतिशत गिरावट आई है। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में एक माह तक 12 विभाग समन्वय के साथ कार्य करेंगे। इसके बाद 15 दिनों तक दस्तक अभियान में आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक एवं टीकाकरण करेंगी।
महिलाओं की हुई गोदभराई, लाभार्थियों को दिया चेक
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री ने सुनीता देवी, सुशीला देवी, सुनीता देवी, शीला तथा पुष्पा देवी की गोदभराई की। साथ ही आन्वी, कृष्ण कुमार, शिवनन्दन कुमार, गुलाब, सोनी का अन्नप्राशन कराकर उनको दुलारा। मुख्यमंत्री ने राशन वितरण की दुकान पर लाभार्थियों से बात कर उन्हें अपने हाथों से राशन भी दिया। कार्यक्रम में मंच पर उन्होंने कालानमक चावल के प्रोत्साहन के लिए असरफ अली को 10 लाख रुपये का चेक, सीता, रामसुभग, राजकुमार व अवधेश को आवास समेत विभिन्न योजनाओं का चेक प्रदान किया।
65 मोबाइल वैन को दिखाई हरी झंडी
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत कार्यक्रम स्थल से ही 65 मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाई। सीएमओ ने बताया कि इसमें दो मोबाइल मेडिकल वैन हैं जो दूर-दराज के गांवों में जाकर लोगों को चिकित्सीय सुविधा मुहैया कराएंगी। इस वैन में चिकित्सक, फार्मासिस्ट, दवाएं व जांच आदि सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। यह वैन प्रत्येक माह 40 से अधिक गांवों में चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध कराएंगी। इसके अलावा अन्य वाहन संचारी रोग से बचाव के जागरूकता अभियान संचालित करने वाले एवं सफाई आदि कार्य के लिए उपलब्ध रहेंगे।
मंच पर नहीं थे पूर्व स्वास्थ्य मंत्री
सिद्धार्थनगर। सीएम योगी के मंच पर बांसी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह मौजूद नहीं थे। उनकी गैर मौजूदगी पंडाल में बैठे लोगों में चर्चा का विषय बन गया। इस संबंध में विधायक जय प्रताप सिंह ने बताया कि वे जिले से बाहर थे, इस कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके।
मुख्यमंत्री ने किया स्टाल का निरीक्षण
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोडल विभाग चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, नगर विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा, दिव्यांगजन, कृषि एवं सिंचाई, उद्यान और सूचना विभाग की तरफ से लगाए गए 30 स्टालों का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग के क्षय रोग के स्टाल पर उन्हें बताया गया कि 701 बच्चों को गोद लिया गया है। कोविड टीकाकरण डेस्क पर 12 से 14 वर्ष तक के बच्चों सूर्यांश बहादुर सिंह, अमरनाथ यादव, खुशबू को टीका लगाया गया। मुख्यमंत्री के यह पूछने पर कि टीका के बाद कहां आराम करते है तो उन्हें बताया गया कि पीछे की कुर्सियों पर बैठाया जाता है। इस दौरान कोल्ड चेन मैनेजर अनुराग शुक्ल, सीएचओ पूनम प्रजापति, प्रियंका भारती, प्रिया वर्मा, परामर्शदाता प्रमोद कुमार आदि मौजूद रहे।
सांसद ने सीएम योगी का जताया आभार
सिद्धार्थनगर। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि पूर्वांचल के लिए इंसेफ्लाइटिस अभिशाप बन चुका था। लगता था कि यह लाइलाज हो गया है, लेकिन योगी के संकल्प और प्रयासों से अब यह जानलेवा बीमारी समाप्त होने के कगार पर है। सांसद ने जिले में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके प्रयास से यहां बच्चे मेडिकल की पढ़ाई कर रहे हैं। बाढ़ के समय योगी के दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें इस जिले से विशेष लगाव है। जल सैलाब के समय न केवल सीएम ने यहां का दौरा किया बल्कि स्टीमर से निकल कर लोगों का दुखदर्द साझा किया था।