परीक्षा में गड़बड़ी मिली, कुलपति ने सीसीटीवी फुटेज मांगा
कपिलवस्तु। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हरिबहादुर श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय परिसर का प्रशासनिक भवन स्थित निगरानी केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कुछ परीक्षा केंद्रों पर अनियमितताएं देखने को मिलीं। उन्होंने चार परीक्षा केंद्रों को रविवार को संपन्न प्रथम पाली की परीक्षा का सीसीटीवी फुटेज विश्वविद्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव ने विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन में बने वार्षिक परीक्षा 2021 के निगरानी केंद्र पर पहुंचकर संबद्ध महाविद्यालयों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में चल रही परीक्षा की व्यवस्था का जायजा लिया। महाविद्यालयों के सीसीटीवी से जुड़ी व्यवस्था देखने पर महाराजगंज, बस्ती और बलरामपुर जिले के कुछ परीक्षा केंद्रों में अनियमितताएं मिलीं। उसके उपरांत कुलपति ने उन परीक्षा केंद्रों के अध्यक्षों को तत्काल फोन करके शुचिता पूर्ण और नकल विहीन परीक्षा कराने की हिदायत दी। लिखित रूप से स्पष्टीकरण देने समेत सीसीटीवी फुटेज भी प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
विश्वविद्यालय की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षकों को भी तत्काल उन परीक्षा केंद्रों पर भेजा। बलरामपुर जिले में कुछ महाविद्यालयों में सामूहिक नकल की सूचना मिलने पर कुलपति ने स्वत: संज्ञान लेते हुए उन परीक्षा केंद्रों पर अस्थाई रूप से पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिया है। निगरानी के दौरान कुछ परीक्षा केंद्रों के कक्षों की माइक बंद होने को भी उन्होंने गंभीरता से लिया। उन्होंने केंद्रों के अध्यक्षों को लिखित नोटिस दिया है। अंत में उन्होंने विश्वविद्यालय के मॉनिटरिंग सेल पहुंचकर निरीक्षण किया। मूल्यांकन प्रभारी डॉ. पूर्णेश नारायण सिंह भी उपस्थिति रहे।