अस्पतालों में बढ़े डायरिया के मरीज
सिद्धार्थनगर। सरकारी अस्पतालों में उल्टी-दस्त के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। बाढ़ व बारिश में खान-पान में थोड़ी भी चूक से तबीयत बिगड़ जा रही है। पानी की गुणवत्ता खराब होने के कारण भी लोग बीमार हो रहे हैं। संयुक्त जिला चिकित्सालय एवं पीएचसी बढ़नी में डायरिया के मरीज भर्ती हैं। इसी प्रकार अन्य अस्पतालों में भी डायरिया के मरीजों का इलाज हो रहा है।
संयुक्त जिला चिकित्सालय के इमरजेंसी में हर दिन तीन-चार मरीज डायरिया से पीड़ित होकर पहुंच रहे हैं। रविवार को दोपहर तक इमरजेंसी में डायरिया पीड़ित दो मरीज पहुंचे, जिन्हें भर्ती करने के बाद आराम मिला और उन्हें घर भेज दिया गया। शाम को भी इमरजेंसी वार्ड में एक डायरिया पीड़ित मरीज को भर्ती किया गया था। इमरजेंसी के ड्यूटी डॉ. ध्रुव चंद चौधरी ने बताया कि बारिश के मौसम में डायरिया के मरीज आ रहे हैं।
बढ़नी प्रतिनिधि के अनुसार, ब्लॉक के रेड़वरिया, औदही कला सहित घरुआर आदि गांवों से डायरिया पीड़ित मरीज आ रहे हैं। रविवार को डायरिया से पीड़ित एक भर्ती मरीज की स्थिति नाजुक बनी हुई थी। जबकि एक मरीज को रेफर कर दिया गया। इस संबंध में प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ धीरेंद चौधरी ने बताया कि प्रभावित गांवों में टीम बनाकर आवश्यक दवाओं को भेजा जा रहा है तथा जलजनित बीमारियों से निपटने के लिए ब्लीचिंग पाउडर छिड़क के लिए तथा पानी में डालकर पीने के लिए क्लोरीन की गोलियां पर्याप्त मात्रा में बांटी जा रही है।