दीपावली : घर-घर जले दीप, लोगों ने की सुख-समृद्धि की कामना
सिद्धार्थनगर। प्रकाश पर्व दीपावली जिले में धूमधाम के साथ मनाई गई। अंधकार पर प्रकाश के विजय के इस पर्व पर शहर से गांव तक चहुंओर रंग-बिरंगी छटा बिखरी रही। मकानों, दुकानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों पर दीपों की शृंखला लोगों के मन मोह रही थी। बच्चों ने जमकर आतिशबाजी का आनंद लिया।
लोगों ने अपने घर, दुकान आदि की सफाई व रंगाई पहले ही कर ली थी। दीपावली के दिन बृहस्पतिवार को लोगों ने घर और दुकान सजाकर रंग-बिरंगी रोशनी जलाई। दीप जलाकर लोगों ने मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की आराधना कर यश, धन व समृद्धि की कामना की। साथ ही बच्चों ने देर रात तक आतिशबाजी का दौर चलाया। शहर के प्रमुख मंदिरों एवं जिले में कई स्थानों पर पंडालों में स्थापित मां लक्ष्मी की प्रतिमा की विधि पूर्वक पूजन की गई।
शाम के समय लोगों ने अपने घर में विधि पूर्व मां लक्ष्मी और भगवान गणेश का पूजन करने के साथ सभी कमरों में दीप जलाया। बच्चों समेत परिवार के सभी लोगों ने पूजन कर मां लक्ष्मी से समृद्धि की कामना की। शहर में स्थित विभिन्न सरकारी कार्यालय भी रंग-बिरंगे रोशनी से सजाए गए थे। बाजार में देर शाम तक मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ ही मिठाई, लाई, कपड़े आदि की खरीदारी के लिए भीड़ रही।
दुकानों पर खरीदारों की रही भीड़
इटवा। तहसील क्षेत्र मे इस वर्ष दीपावली के अवसर पर इटवा कस्बा, चौखड़ा, बढया, महादेव घूरहू, कठेला, खड़सरी, धोबहा, रगड़गंज, पचमोहनी, मझौवा चौराहे व मिठौवा सहित ग्रामीण क्षेत्र की बाजारो मे खरीदारों की भीड़ रही। सबसे अधिक भीड़ मिठाइयों की दुकानों पर रही। इटवा कस्बे में थाने के सामने स्थित रामलीला मैदान में पटाखे की दर्जनों दुकानें थीं, जहां पर पटाखे की दुकानों पर बच्चों के साथ लोग खरीदारी करते दिखे। व्यापारी शिवशंकर अग्रहरि के अनुसार, विगत दो वर्षों के बाद मिठाइयों, पटाखों आदि का व्यवसाय इस वर्ष बहुत ही अच्छा रहा।