अयोध्या और काशी को सजाया, अब मथुरा की बारी : योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डुमरियागंज में की जनसभा
डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार बनने के बाद अयोध्या में राम मंदिर निर्माण आरंभ हुआ। काशी को भी सजाया गया है, अब मथुरा की बारी है। 10 मार्च के बाद वहां भी कार्य होंगे। डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के जीआईसी परिसर में मंगलवार को वे भाजपा प्रत्याशी विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के समर्थन में जनसभा कर रहे थे।
सीएम योगी ने कहा कि डुमरियागंज से उनका खास नाता है। शिवरात्रि के दिन आए हैं। डुमरियागंज के भारतभारी मंदिर निर्माण कराने के साथ ही अन्य मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया गया है। उन्होंने कहा कि विकास और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था के लिए भाजपा प्रत्याशी को वोट दें। भाजपा सरकार बनने पर अगले 5 साल में हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी या रोजगार दिया जाएगा। किसान की फसल नष्ट नहीं होने दी जाएगी।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दमदार सरकार ऐसी हो जो एक हाथ में विकास की छड़ी और दूसरे हाथ में बुलडोजर की स्टेयरिंग लेकर चल सके। भाजपा व भाजपा गठबंधन के सभी प्रत्याशियों को जीताकर भेजिए, फिर देखिए सरकार कैसे काम करती है। सभा को सांसद जगदंबिका पाल, राघवेंद्र प्रताप सिंह, नरेंद्र मणि त्रिपाठी आदि ने भी संबोधित किया। इस दौरान बाबा जगदीश दास, राम जियानव मौर्य, योगेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह, लवकुश ओझा, पूजा ठाकुर, अभयराम पांडेय, राजेश पाल चौधरी, शत्रुघ्न सोनी, गौरव मिश्रा, रामकुमार कुंवर, दशरथ चौधरी, राणा प्रताप सिंह, राजीव अग्रहरि आदि उपस्थित रहे।
पानी के लिए दौड़े लोग
बर्डपुर। कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र में सोमवार की दोपहर में तेज धूप के बीच काफी संख्या में लोग खुले आसमान के नीचे बैठे थे। उसी समय एक ऑटो से पानी की बोतल आई तो लोग टूट पड़े, क्योंकि प्यास से लोगों के हलक सूख गए थे।