घास काटने गए युवक की डूबकर मौत
कपिलवस्तु। पशुओं के लिए घास काटने गए युवक की कोतवाली क्षेत्र के बजहा सागर में डूबकर मौत हो गई। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
क्षेत्र के नरखोरिया गांव निवासी अब्दुल अजीज (36) पुत्र वली मोहम्मद ने पशु पालन किया था। बताया जा रहा है कि बुधवार को वह पुत्र के साथ बगल के बजहा सागर में घास काटने के लिए गए थे। बेटे को बांध पर बैठाकर सागर के बीच टीले पर घास काटने के लिए तैरकर जा रहे थे। उसी बीच वह डूबने लगे।
डूबता देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो गांव के और लोग मौके पर पहुंचे। तब तक अब्दुल अजीज डूब चुके थे। काफी खोजबीन के बाद शव को बाहर निकाला गया। उसके बाद मामले की जानकारी कपिलवस्तु पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम केे लिए भेज दिया।
कोतवाल कपिलवस्तु महेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर गई थी। शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।