शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के कुरहवा गांव का है मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
घोसियारी। शिव नगर डिड़ई थाना क्षेत्र के कुरहवा गांव में बृहस्पतिवार को संदिग्ध हाल में अवनीश उर्फ अब्बू (23) पुत्र राम प्रगट की मौत हो गई। कमरे में छत की कुंडी के सहारे में फंदे से लटकता हुआ शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की मां रोते हुए बदहवास हो जा रही है।
क्षेत्र के कुरहवा गांव निवासी अवनीश की मां मनोरमा के मुताबिक लड़का बुधवार रात उसे कुरहवा मोड़ के पास बने मामा के घर पर सोने के लिए छोड़ दिया और कहा कि मां तुम यहीं सोना। यह कहकर घर सोने चला गया। बृहस्पतिवार सुबह घर पहुंचकर दरवाजा खटखटाया तो नहीं खुला। किसी अनहोनी की आशंका से बगल से सीढ़ी लगाकर छत के रास्ते से घर में जाकर देखा तो बेटे का शव लटक रहा था और वे दहाड़ मार कर रोने लगी। आवाज सुनकर गांव के लोग जुट गए। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। उपनिरीक्षक कन्हैयालाल मौर्य ने जांच की। इसके बाद शव पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में एसओ शिवनगर डिड़ई रामकृपाल शुक्ल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर गई थी। शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।